Sunday, May 11, 2014

एक अपूरणीय क्षति .


हमारे बड़ा काका पं.तारा कान्त झा जी का गुजर जाना हमारे विशाल परिवार पर क्या असर डालेगा ये तो दूर की बात है,लेकिन फ़िलहाल तो ऐसा लगता है जैसे हमारे सरों पर से छत हट गई हो.इतने विशाल परिवार का मुखिया होना.दस भाई दस बहने, उनके संबधी ,सम्बन्धियों के संबंधी सबकी अपेक्षाएं.ना जाने कैसे निभाते होंगे = अपने विनोदी स्वभाव से सबका दिल जीत लेते थे मुझे याद है,,उमा दीदी और पुतुल दी की नई-नई शादी हुई थी ,दोनों शादी के बाद काका को प्रणाम करने आई ,तब उन्होंने अनायास ही पूछ लिया की?बौर पसंद पड़लखुन? दोनों शर्म से लाल हो गईं थी .
                      यह तो हुई अपने परिवार की व्यथा .लेकिन पूरे  मैथिल समाज के लिए उनका जाना दुर्भाग्य पूर्ण है.मैथली को संविधान की आठवी सूची में शामिल करवाने का भागीरथ प्रयास ,और उसमे सफल होना,हमे गर्व से भर देता है .इसी तरह अलग मिथिलांचल का उनका सपना ,पता नही अब साकार हो भी पायेगा या नही उनके जैसा जुझारूपन किसी अन्य में नही दिखता .उनका चुनाव नहीं जीत पाना ,पूरे परिवार के लिए अफ़सोसनाक होता था .लेकिन अपने सिधान्तों से समझौता नही किया.
                         विधानपरिषद  के सभापति के रूप में उनका कार्य काल ,विधान् परिषद के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा .सम्पूर्ण भारत वर्ष की नामी हस्तियाँ उनके व्यक्तिगत सम्बन्धों के कारण आए .पूरे वर्ष चलने वाला यह आयोजन उनकी व्यवहार कुशलता के कारण काफी सफल रहा .अभी अतिथिगण उनकी मेजबानी की प्रसंसा करके गए ..
                  ऐसे विलक्षण व्यक्तित्व वाले व्यक्ति का सम्बन्धी होना हमे गर्व से भर देता है हम उनके नाम से जाने जाते हैं।  .उनके चले जाने से जो अपूरणीय क्षति हुई है उसकी  भरपाई संभव नही है  हे ईश्वर ,उन्हे सद् गति देना .हमारी विनम्र श्रद्धांजली .
                     

Friday, April 11, 2014

बचपन में चुनाव


प्रिय वैभव,अभी चुनाव के दिन चल रहे हैं.तुम्हे तो पता ही है ,चुनाव के समय बिहार का बच्चा –बच्चा ,राजनीति बतियाने लगता है तुम शायद दिल्ली में  इसे मिस कर रहे होगे .है न ?
           मुझे पुराने दिन याद आ रहे है तुम  तब काफी छोटे थे शायद तीन साल के होगे .तुम्हारे पापा को मारवाड़ी कॉलेज के होस्टल का सुप्रिटेंडेंट बना दिया गया था ,हम हॉस्टल के क्वाटर में रहने आ  गए थे होस्टल में अराजक स्थिति थी ..तब वो जगह  छुटभैये नेताओं का अड्डा बना हुआ था ..संयोग से उसी समय विधानसभा के चुनाव की घोषणा हो गई .उनका चुनाव चिन्ह शायद कुर्सी था कुछ और था मुझे याद  नहीं आ रहा है. खैर....... होस्टल मे सारे ,दिन उन नेता के चेलों के साथ-साथ जिंदाबाद –जिंदाबाद के नारे लगाने में तुम्हे बड़ा मजा आता था उन्हों ने तुम्हे सिखा रखा था की अपने मम्मी –पापा को बोलना वोट भैया जी को ही देंगे .  .चूँकि तुम काफी छोटे थे इसलिए हम वोट देने के लिए बूथ पर भी तुम्हे साथ ले गए .तुम्हारे नटखटपन के चलते तुम्हे घर पर छोडना खतरे से खाली नहीं था  .जब मै कमरे में वोट डालने जा रही थी कि तुम भी साथ जाने को मचलने  लगे.तब इतनी कढ़ाई नहीं हुआ करती थी .तुम्हारा हठ देख  कर पुलिस वाले ने तुम्हे मेरे साथ अंदर भेज दिया .नयी चीज देखने की उत्सुकता वश ,तुमने मैंने किसे वोट दिया था देख लिया वो कुर्सी छाप बिलकुल नहीं था  ,हे भगवान , फिर क्या था तुमने वहीँ जोर –जोर से रोना धोना शुरू कर दिया .सभी हंस रहे थे .तुम रो –रो के विलाप किये जा रहे थे .मम्मी तुमने कुर्सी छाप को वोट क्यों नहीं दिया ?मेरे भैया जी क्या बोलेंगे.वो नहीं जीत पाएंगे  .हा.हा.हा.बड़ी मुश्किल से हम तुम्हे मना कर घर लौटे. .                             

Wednesday, March 19, 2014

भोली जनता


आजकल स्थानीय अख़बारों में बड़े ज़ोर शोर से पूछा जा रहा हैं, 'हे मतदाताओं, बता तेरी मर्ज़ी हैं क्या? तेरा एम. पी कैसा हो?'

बेचारा मतदाता बड़े जोश में ये वो गिनाता हैं और खुश हो जाता हैं की चलो किसी ने पूछा तो. वैसे इस बार जैसी हवा हैं, शायद वोट भी गिरा दे. और फिर नतीज़ो का इंतेज़ार.
लेकिन आह! भोली जनता ! तुम इत्मिनान रखो. कहीं कोई देवदूत सांसद बनने वाला नहीं हैं. अगर कोई बनना भी चाहे तो उसकी टाँग खींचने वाले इतने हैं की बेचारा मुँह के बल गिरेगा.
इसीलिए, ए देश की जनता, तुम इन दिनो को 'एंजाय' करो. चाहे वो टी.वी देख कर हो या फिर रैली में जा कर. मुफ़्त मे अगर आना/जाना/खाना मिल रहा हैं तो क्या हर्ज़ हैं. या चलो जी भर के दारू पीने को मिल रहा है तो और भी अच्छी बात हैं. लगा देना दो -चार ज़िंदाबाद के नारे, क्या फ़र्क पड़ता हैं.
फिर तो वही तुम, वही तुम्हारी जर्जर सड़के, घूसखोर अफ़सर, तुम्हारे भ्रष्ट नेता. तुम्हे कोई फ़र्क नही पड़ने वाला हैं. क्यूँकि तुम्हे इन सब चीज़ों की आदत पड़ चुकी हैं. आख़िर 67 साल बहुत होते किसी आदत को निखरने  के लिए.

Saturday, March 1, 2014

बाबू जी की याद में..


अब हमे अंधेरों से डर नहीं लगता .


रात के अंधियारे में टिमटिमाते हैं अनगिनत तारे
बचपन से सुन रखा है ,वे तारे नहीं ,हमारे हैं .
       जो छोड़ गए ,हमें जल्दीबाजी में,
      उनको भी चैन नहीं जमाने में .
देख रहे होते हैं वे हमे , अंधियारे में.
       अब हमे अंधेरों से डर नहीं लगता ,क्यों की
       कोई अपना अधेरों में भी साथ रहता है .
                                  गर कभी  कहीं फिसले जो हम ,अँधेरे में
               तभी तारा कोई टूट कर, राहें दिखाता है .

Friday, February 28, 2014

ये बेपेंदी के लोटे !


ये बेपेंदी के लोटे !
आम चुनाव सर पर है .हमारे भावी नेता , जो संसद में हमारा प्रतिनिधित्व करेंगे वे अभी तक पसोपेस में हैं की कौन से दल में जाएँ? फ़िलहाल पूरे देश में दल-बदल की मुहीम सी चल रही है.कायदे से हर दल का कोई न कोई सिध्हांत होता है  होना ये चाहिए की अगर आप उस दल के विचारों से सहमत हैं तभी उस दल विशेष का टिकट लें ,लेकिन हमारे ये बेपेंदी के लोटे नेता !जिधर टिकट दिखा उधार लोट गए !इधर हम आम जनता ,अपने पसंदीदा नेता को ,जो सारी जिंदगी ,जिस पार्टी को पानी पी पी कर गरियाते रहे थे ,{साथ में हम भी] आज उसी दल में शामिल हो जाते हैं. लो अब? भारतीय राजनीति का अभी यही दौर चल रहा है .कुछ समझ में नहीं आ रहा है ,अपने नेता को थामे या दल को ?                               .

Sunday, January 26, 2014

कम था गम न् था .

                                       कम  था, गम  न  था
                 सर  रख  कर  रोने  को  
                              एक  कंधे  को  जाना  था
                              वो  कंधा  भी  पत्थर  था

                              मै  सारी   रात  रोई  थी
                              उसी  पत्थर   के  कंधे  पर
                                                   
                               सुबह  देखा  तो  कंधे  को
                               खड़ा  वो  मुस्कुराता  था
                               मेरे  आँसू  से  वो  अपना
                               जालिम  दिल  बहलाता  था

                               मुट्ठियाँ  भींचे  रहती  हूँ ,
                               जो थोड़ा   है  फिसल   न  जाए
                               दिया  जिसने  वो थोडा  सा
                               कहीं वापस  न  ले  जाए  ,
       
                                बांधी  है  डोर जीवन  की
                                उसी  तिनके  के  छोरों  से 

Thursday, November 28, 2013

कभी सोचा है ?

 
कभी सोचा है ? कडाके की ठण्ड को ,गुदडी ओढ कर काटने वाला ,जब तुम्हारा गर्म लिहाफ सहेज कर रखता है ,तब उसके मन में क्या चल रहा होगा ?सोचा है कभी?
 कभी सोचा है ? रात की बची ,बासी रोटी खा कर, तडके तुम्हारे लिए गरमा-गरम ब्रेक –फास्ट बनाने वाले के मन में क्या चल रहा होगा ?
सोचा है कभी ?
कभी सोचा है ?बुखार से तपते अपने बच्चे को बस से डाक्टर को दिखाने वाला ,जब तुम्हारे बच्चे को बड़ी सी गाड़ी में सैर करवाने
ले जाता है,तब उसके मन में क्या चल रहा होगा ?सोचा है कभी ?
                जैसे तुम नहीं सोचते ,वो भी नहीं सोचता होगा .
अगर सोचने बैठा तो ,फट जाएँगी उसके दिमाग की नसें ,बिखर जाएगा
उसका आशियाना. अच्छा है ,उसके लिए नही सोचना.
लेकिन तुमने सोचना क्यों छोड़ दिया ?तुम तो सोच सकते हो .
सोचो तो कभी !


.